Saturday, October 3, 2026
Home » Blog » छत्तीसगढ़ से चोरी हुए 132 मोबाइल फोन पहुंचे बांग्लादेश, इंटरनेशनल कनेक्शन से पुलिस के उड़े होश

छत्तीसगढ़ से चोरी हुए 132 मोबाइल फोन पहुंचे बांग्लादेश, इंटरनेशनल कनेक्शन से पुलिस के उड़े होश

कुनकुरी के तपकरा रोड स्थित दुकान से 11 अगस्त की रात चोरी हुए थे 132 मोबाइल हैंडसेट, पुलिस ने CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झारखंड-बंगाल तक जांच पहुंचाई

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
छत्तीसगढ़ से चोरी हुए 132 मोबाइल फोन पहुंचे बांग्लादेश, इंटरनेशनल कनेक्शन से पुलिस के उड़े होश

CG Prime News@जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी में मोबाइल दुकान से चोरी हुए 132 हैंडसेट के बांग्लादेश पहुंचने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच के मुताबिक, दुकान से चोरी किए गए मोबाइल अलग-अलग आरोपियों के जरिए आगे बेचे गए और बाद में सभी 132 मोबाइल बांग्लादेश पहुंच गए। दूसरे देश में मोबाइल पहुंच जाने के कारण उनकी बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। पुलिस ने इन्हें वापस लाने के लिए विधि अनुसार आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मामले में पुलिस अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। वहीं 4 अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों से कमीशन के तौर पर मिली 1 लाख 80 हजार रुपए की रकम भी बरामद की है।

CCTV और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के अनुसार, चोरी की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, टावर डंप लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच का दायरा झारखंड और पश्चिम बंगाल तक पहुंचा। पूछताछ में पुलिस को चोरी के मोबाइल बांग्लादेश में बेचे जाने की जानकारी मिली।


रात में दुकान बंद की, सुबह शटर खुला मिला

कुनकुरी वार्ड क्रमांक 09, तपकरा रोड निवासी मोबाइल दुकान संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक, 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 7:45 बजे बैंक कर्मचारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की जानकारी दी। दुकान पहुंचने पर दोनों ताले कटे मिले। अंदर मोबाइल के डिब्बे बिखरे हुए थे और बिक्री के लिए रखे 132 मोबाइल हैंडसेट गायब थे।

5 आरोपी गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी

पुलिस ने तौसिफ राजा, सेंटू शेख, इकबाल हुसैन उर्फ राणा, अब्दुल बारी उर्फ रूबेल खुराना और अब्दुल अजीज को अलग-अलग चरणों में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी के मोबाइल आगे बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सेंटू शेख से कमीशन की बची हुई 1.80 लाख रुपए की रकम और आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में चार अन्य आरोपियों की पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। प्रकरण में BNS की धारा 331(4), 305(ए), 111(6), 313 और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

मोबाइल बरामदगी और फरार आरोपियों पर फोकस

एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की प्राथमिकता बांग्लादेश पहुंच चुके मोबाइलों की बरामदगी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के साथ फरार चार आरोपियों को पकड़ना है।

You may also like