CG Prime News@सूरजपुर.Stone-pelting at Surajpur Police chhattisgarh छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में DSP राजेश जोशी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

सूरजपुर में ग्रामीणों ने पुलिस पर किया हमला, DSP सहित 24 पुलिसकर्मी घायल
भूमि अधिग्रहण को लेकर लंबे समय से चल रहा है विवाद
जानकारी के अनुसार, मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में SECL की प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केवल आर्थिक मुआवजा स्वीकार नहीं है, बल्कि जमीन के बदले जमीन दी जाए। इसी मांग को लेकर कई बार प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति बन चुकी है।


सूरजपुर में ग्रामीणों ने पुलिस पर किया हमला, DSP सहित 24 पुलिसकर्मी घायल
सर्वे टीम को बंधक बनाने के मामले में पहुंची थी पुलिस
कुछ दिन पहले भूमि सर्वे के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों ने कथित तौर पर बंधक बना लिया था। इसी मामले में दर्ज प्रकरण के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ धरमपुर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे।
सरपंच के पुत्र की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा तनाव
बताया जा रहा है कि पुलिस ने सरपंच के पुत्र को हिरासत में लिया था। इसके विरोध में ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए उग्र प्रदर्शन किया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। पथराव में कई पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई, जांच जारी
घटना के बाद सूरजपुर सहित आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण विवाद के दौरान पुलिस टीम पर पथराव किया गया, जिसमें 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है और मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
