CG Prime News@दुर्ग.ED raids in Chhattisgarh’s Durg district दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापा से हड़कंप मच गया है। खुद को पूर्व सीएम का भतीजा बताने वाले गुलशन बघेल के घर ईडी ने छापा मारा है। गुलशन बघेल ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के नाम पर ठगी की थी। उसने महिला को नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। महिला की शिकायत पर गुलशन बघेल को आरोपी बनाया गया था। मामला छह साल पुराना है। गुलशन बघेल, बघेल्स कॉर्पोरेट का फाउंडर भी है।

दुर्ग में खुद को पूर्व CM का भतीजा बताने वाले गुलशन बघेल के घर ED का छापा
10 से ज्यादा अधिकारी कर रहे जांच
मंगलवार सुबह दुर्ग में ऋषभ कॉलोनी में बघेल्स कॉर्पोरेट के फाउंडर के घर ईडी की टीम दो गाडिय़ों में पहुंची है। जिसमें 10 से ज्यादा अधिकारी शामिल हैं। फिलहाल मौके पर जांच जारी है। यह कार्रवाई भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में होने की आशंका है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कौन है गुलशन बघेल
गुलशन बघेल, बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर हैं। कंपनी बिल्डिंग निर्माण, सड़क निर्माण, अर्थवर्क, मटेरियल हैंडलिंग और ट्रांसपोर्ट सेवाओं से जुड़े काम करती है। कंपनी सरकारी और निजी क्षेत्र की निर्माण परियोजनाओं में भी काम करती है।
रायपुर में ज्वेलरी और जमीन कारोबारी के घर दबिश
रायपुर के पंडरी स्थित रवि नगर में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे ईडी ने नितिन डागा के घर छापेमारी की। दो गाडिय़ों में पहुंचे आधा दर्जन अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। नितिन डागा का ज्वेलरी और जमीन का कारोबार बताया जा रहा है।

ईडी ने नहीं जारी किया बयान
फिलहाल ईडी की यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच का दायरा और कार्रवाई से जुड़े अन्य विवरण भी स्पष्ट नहीं हैं। मामले में आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। दिवाली से पहले ईडी की दबिश से छत्तीसगढ़ में एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई है।
