Monday, July 13, 2026
Home » Blog » छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: राम मंदिर चंदा विवाद पर जोरदार हंगामा, कार्यवाही स्थगित

छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: राम मंदिर चंदा विवाद पर जोरदार हंगामा, कार्यवाही स्थगित

राम मंदिर चंदा मामले को लेकर विधानसभा में सत्ता और विपक्ष आमने-सामने, तीजन बाई को श्रद्धांजलि के बाद भी नहीं थमा विवाद। आज कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: राम मंदिर चंदा विवाद पर जोरदार हंगामा, कार्यवाही स्थगित

CG Prime News@रायपुर. Chhattisgarh Assembly Monsoon Session 2026 छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर सदन में जमकर हंगामा हुआ। कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक पोस्टर लेकर सदन पहुंचे और सरकार से जवाब की मांग की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि रामभक्तों की आस्था के साथ विश्वासघात हुआ है।

राम मंदिर चंदा विवाद पर सत्ता-विपक्ष में तीखी नोकझोंक

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि देशभर के श्रद्धालुओं, जिनमें छत्तीसगढ़ के लोग भी शामिल हैं, ने राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धापूर्वक चंदा दिया था। उन्होंने कथित वित्तीय गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं के विश्वास को ठेस पहुंची है और पूरे मामले की जवाबदेही तय होनी चाहिए। वहीं संसदीय कार्य मंत्री अजय चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि यह विषय न तो राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है और न ही विधानसभा के अधिकार क्षेत्र में। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी इसी आधार पर स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

हंगामे के कारण कार्यवाही कई बार स्थगित

विपक्ष के लगातार विरोध और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही पहले पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। दोबारा कार्यवाही शुरू होने के बाद भी गतिरोध जारी रहा। स्थिति सामान्य नहीं होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने पूरे दिन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।


छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: राम मंदिर चंदा विवाद पर जोरदार हंगामा, कार्यवाही स्थगित

छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र: राम मंदिर चंदा विवाद पर जोरदार हंगामा, कार्यवाही स्थगित

प्रश्नकाल में उठा बीएड-डीएड कॉलेजों का मुद्दा

प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बीएड और डीएड पाठ्यक्रम संचालित नहीं होने तथा रिक्त पदों का मामला उठाया। उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लागू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बीएड-डीएड कॉलेजों के विस्तार के लिए टास्क फोर्स गठित की गई है और 13 नए महाविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों के संचालन की संभावना पर काम चल रहा है।

तीजन बाई को दी गई श्रद्धांजलि

सत्र की शुरुआत पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को विश्व स्तर पर स्थापित किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर बताया। श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित की गई।

कल अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस

सत्र के दूसरे दिन यानी कल कांग्रेस (14 जुलाई) सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। विधानसभा में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के कारण प्रस्ताव के पारित होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके जरिए कांग्रेस सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के बीच तीखी राजनीतिक बहस देखने को मिल सकती है।

You may also like