CG Prime News@भिलाई. Severed human head found in Bhilai भिलाई में इंसान का कटा हुआ सिर मिलने से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को सीवरेज पाइप की सफाई के दौरान मजदूरों को पॉलीथीन में भरा हुआ इंसानी सिर मिला। जिसकी सूचना मजदूरों ने तुरंत पुलिस को दी। भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि बीएसपी टाउनशिप के भिलाई होटल स्टाफ क्वार्टर के पीछे स्थित नर्सरी में सीवरेज पाइप से अज्ञात शख्स का कटा हुआ सिर मिला है। सिर को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवाया गया है। वहीं मृतक के धड़ की तलाश शुरू कर दी गई है।
तेज दुर्गंध से हुई आशंका
सीवरेज की सफाई करने वाले ठेका श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि सीवरेज जाम होने की शिकायत मिली थी। सफाई के दौरान पाइप में पॉलीथिन फंसा मिला। उसे किसी तरह बाहर निकाला तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। पहले तो किसी सुअर के सिर जैसा लगा। पॉलीथिन खोलते ही इंसान का कटा सिर निकला। सीवरेज पाइप लाइन से तेज दुर्गंध आ रही थी।
हत्या की आशंका
भिलाई नगर थाना टीआई जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि सुबह घटना की सूचना मिली। मजदूरों ने नर्सरी में बने सीवरेज चेंबर का ढक्कन हटाकर जांच की तो पाइप में पॉलीथिन फंसी दिखाई दी। मजदूरों ने उसे बाहर निकाला। पॉलीथिन काफी वजनी थी। खोलकर देखने पर उसमें इंसान का कटा सिर मिला। पुलिस ने सिर को कब्जे में ले लिया है। आशंका है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या करके सिर को सीवरेज पाइप में फेंका गया है। धड़ की तलाश की जा रही है। वहीं थानों में गुमशुदगी रिकॉर्ड भी चेक किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक सीवरेज पाइप से मिला इंसानी सिर लगभग एक माह पुराना प्रतीत हो रहा है। डीएनए टेस्ट और बाकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। बाल और दांत का सैंपल भेजकर फॉरेंसिक एक्सपर्ट से जांच कराई जाएगी।
