CG Prime News@बालोद. Couple Commits Suicide by Throwing Themselves Under a Train in Balod छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक प्रेमी जोड़े ने पैसेंजर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान ग्राम कुम्हालोरी निवासी जितेश्वर तारम (23) और ग्राम साल्हे की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। लड़की 10वीं क्लास की छात्रा थी। घटना स्थल पर उनकी बाइक खड़ी मिली है। हालांकि आत्महत्या का असली कारण अभी सामने नहीं आया है।
लोको पायलट ने आरपीएफ को दी घटना की सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह साढ़े 3 बजे दोनों दल्लीराजहरा-अंतागढ़ रेल मार्ग पर सलहाईटोला स्टॉपेज के पास पहुंचे और पटरी पर लेट गए। तभी पैसेंजर ट्रेन (क्रमांक 78823) वहां से गुजरी। चपेट में आने से युवक का एक हाथ और सिर धड़ से अलग हो गया। लड़की के शरीर के कई हिस्से कट गए। उसी वक्त दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद लोको पायलट ने आरपीएफ को सूचना दी।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
इस मामले में डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि दूसरे पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, जितेश्वर और लीलेश्वरी के बीच लंबे समय से अफेयर चल रहा था। मंगलवार (5 मई) शाम से लड़की लापता थी। उसके परिजन डौंडी थाने पहुंचे थे और लापता होने की शिकायत की थी।
पुलिस तलाश कर ही रही थी कि, इस बीच जानकारी मिली की ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो चुकी है। घटना की सूचना के बाद आरपीएफ और डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया।
बाइक घटना स्थल पर मिली
वहीं, मौके से कुछ दूरी पर बाइक (नंबर CG 07 LU 9886) भी मिली है, जो मृतक युवक की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
