एक संचालक हिरासत में और दूसरा संचालक और मैनेजर फरार
भिलाई. Police raid on Listomania Club in Surya Mall, Bhilai, expiry liquor recovered. स्मृति नगर चौकी अंतर्गत सूर्या मॉल में संचालित लिस्टोमानिया क्लब एंड किचन पर देर रात पुलिस ने छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान क्लब से करीब 5 पेटी एक्सपायरी डेट की शराब बरामद की गई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। पुलिस ने क्लब संचालक अजय गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं दूसरा संचालक और मैनेजर फरार बताए जा रहे है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि यह क्लब स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में स्थित है, जहां देर रात तक नियमों के विरुद्ध शराब परोसी जा रही थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। कई संदिग्ध गतिविधि पाई गई। बता दें कि इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
तय समय से ज्यादा संचालन
पुलिस की जांच में सामने आया कि क्लब निर्धारित समय सीमा के बाद भी चालू था। प्रमोशनल जानकारी में 11:30 बजे बंद होने का दावा किया गया था, लेकिन वास्तविकता में क्लब देर रात तक संचालित हो रहा था। सामने प्रॉम्टर पर नोटिस भी चला जा रहा था। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई।
अंदर का नजारा देख पुलिस भी हैरान
स्मृति नगर चौकी पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान क्लब के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां अश्लील गानों पर डांस करते पाए गए। माहौल पूरी तरह नियमों के विपरीत था। जांच में सामने आया कि क्लब में एक्सपायरी शराब के बैच को हटाकर परोसा जा रहा था। एक बोतल जिसकी अधिकतम कीमत करीब 200 रुपए होनी चाहिए, उसे 700 रुपए तक में ग्राहकों को बेचा जा रहा था।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ के आरोप
सीएसपी का कहना है कि इस तरह एक्सपायरी शराब परोसना सीधे तौर पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ है। क्लब में महंगी सिगरेट और संदिग्ध नशीले पदार्थों की भी उपलब्धता की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है। वहीं फरार दूसरा संचालक और मैनेजर की खोजबीन की जा रही है।
आबकारी विभाग पर उठे सवाल
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्योंकि बार में एक डायरी मेंटेन की जाती है। उसे आबकारी विभाग चेंक करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी गतिविधि लंबे समय से चल रही थी, लेकिन संबंधित विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।
