Thursday, April 16, 2026
Home » Blog » सरपंच संवाद में गूंजी विकास की आवाज, जिप अध्यक्ष ने सुनी समस्याएं

सरपंच संवाद में गूंजी विकास की आवाज, जिप अध्यक्ष ने सुनी समस्याएं

30 ग्राम पंचायत के सरपंच हुए शामिल

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@दुर्ग. जिला पंचायत क्षेत्र-4 में आयोजित सरपंच संवाद कार्यक्रम ने जनसंवाद और विकास की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में अपनी छाप छोड़ी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने सभी सरपंचों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को खुलकर सामने रखा।

मंदिर के सौंदर्यीकरण का मुद्दा उठाया

नरधा ग्राम के सरपंच द्वारा श्रीरुखडऩाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण का मुद्दा विशेष रूप से उठाया गया। इस पर अध्यक्ष बंजारे ने बताया कि इस विषय में उनकी चर्चा प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से हो चुकी है। मंत्री द्वारा मंदिर को हनुमान भक्तों के लिए एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया गया है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सभी समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया

कार्यक्रम में सरपंचों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अध्यक्ष बंजारे ने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

30 ग्राम पंचायत के सरपंच हुए शामिल

सरपंच संवाद का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों को सशक्त बनाना और विकास कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इसमें 30 ग्राम पंचायत के सरपंचों को बुलाया गया था। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सरपंचों ने इसे एक सकारात्मक मंच बताते हुए नियमित रूप से ऐसे संवाद आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस तरह के संवाद न केवल समस्याओं के समाधान में सहायक होंगे, बल्कि क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

You may also like