CG Prime News@दुर्ग. Minor Boy Honey-trapped and Kidnapped in durg छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में अपहरण का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 16 साल के एक लड़के को हनीट्रैप के जरिए फंसाकर पहले तो किडनैप किया। फिर उसके पिता से 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कुछ ही घंटों में नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सगे भांजे ने रची थी पूरी साजिश
जांच में सामने आया कि इस पूरे अपहरण की साजिश संजय साहू ने रची थी, जो पीडि़त परिवार का रिश्तेदार है। उसे पता था कि संतोष साहू के पास अच्छा पैसा है। इसलिए उसने उनके बेटे का अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बनाई। योजना के तहत एक महिला आरोपी हेमपुष्पा साहू को शामिल किया गया। उसने पहले लड़के से बातचीत शुरू की और 4-5 दिनों तक मीठी-मीठी बातें कर उसे अपने जाल में फंसा लिया। फिर उसे घूमने के बहाने बुलाया गया और कार भेजी गई। जैसे ही कृष्णा कार में बैठा, उसे पहले से तय जगह पर ले जाया गया जहां अन्य आरोपी मौजूद थे। वहां से उसे लेकर धमतरी की ओर निकल गए और रास्ते में उसके पिता को फोन कर फिरौती मांगते रहे।
12 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी संतोष साहू ने 12 अप्रैल 2026 को अमलेश्वर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा कृष्णा साहू अपने ममेरा भाई सूरज साहू के साथ तिरंगा चौक अमलेश्वर मोटर साइकिल बनवाने गया था। इसी दौरान एक ग्रे रंग की सेंट्रो कार वहां पहुंची। कार में बैठे एक व्यक्ति ने कृष्णा से बात की और उसे अपने साथ बैठाकर ले गया।
1 करोड़ रुपए की फिरौती
करीब 45 मिनट बाद संतोष साहू के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उनके बेटे का अपहरण हो गया है और उसे छोडऩे के बदले 1 करोड़ रुपए देने होंगे। नहीं देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद दोबारा कॉल आया, जिसमें खुद कृष्णा ने रोते हुए अपने पिता से उसे बचाने की गुहार लगाई। इसी बीच सूरज साहू घर पहुंचा और उसने बताया कि कृष्णा को एक कार में बैठाकर ले जाया गया है। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने तुरंत अपहरण का केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
धमतरी पुलिस की मदद से पकड़ाया आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग टीमें बनाई गईं। साइबर सेल की मदद से जिस मोबाइल नंबर से कॉल आया था, उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में मिली। इसके बाद दुर्ग पुलिस ने धमतरी पुलिस से संपर्क किया।
नाकेबंदी करके कार को रोका
धमतरी पुलिस ने अर्जुनी थाना क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध ग्रे सेंट्रो कार को रोका गया। रास्ते को ब्लॉक करने के लिए जेसीबी की मदद ली गई और सड़क को ब्लॉक कर गाड़ी को रुकवाया। कार में सवार लोगों से पूछताछ करने पर मामला संदिग्ध लगा। जांच में कार से अपहृत बालक कृष्णा साहू को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। साथ ही मौके से तीन आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। इसके बाद अमलेश्वर थाना और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने पूरे मामले का खुलासा किया।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. शैलेन्द्र लहरे, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा रायपुर
2. कृष्णा साहू उर्फ करण, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा (मास्टरमाइंड)
3. रविंद्र लहरें, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा रायपुर
4. संजय साहू, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी अमलेशवर
5. हेम पुष्पा साहू, उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा क्षेत्र
इस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना अमलेश्वर पुलिस, साइबर सेल, एसीसीयू टीम, धमतरी पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। जिन्होंने संयुक्त रूप से समन्वित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद किया।
