CG Prime News@दुर्ग. minor girl rape case in utai durg chhattisgarh दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची को किडनैप करके दुष्कर्म करने वाले आरोपी का उतई थाना पुलिस ने शनिवार को जुलूस निकाला। आरोपी युवक इस दौरान कहता रहा पुलिस हमारा बाप है, अपराध करना पाप है। बतां दें कि बच्ची से रेप का मामला सामने आने के बाद पूरे उतई में आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार देर रात भी गुस्साए लोगों ने उतई थाने का घेराव कर दिया था। पुलिस ने आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू उम्र 40 साल को गिरफ्तार किया है।
भीड़ ने आरोपी को उनके हवाले करने लगाए नारे
इधर बच्ची से रेप की पुष्टि होने के बाद आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार रात में उतई थाने का घेराव कर दिया। 200 लोगों की भीड़ ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की और जमकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का आक्रोश इस कदर था कि उन्हें शांत करना मुश्किल हो गया। बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा।
सीसीटीवी में दिखा बच्ची के साथ आरोपी
पुलिस विवेचना के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मासूम बच्ची के साथ नजर आया। जिस आधार पर आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू को चिन्हित कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 193/2026 धारा 137(2), 65(2), 238, 109, 140(3) बीएनएस एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Video: दुर्ग जिले के उतई में 5 साल की बच्ची से रेप, पुलिस ने आरोपी का निकाला जुलूस
अब जानिए पूरी घटना को
शुक्रवार सुबह नर्सरी में पढऩे वाली बच्ची स्कूल से घर लौटती है। इसके बाद वह चॉकलेट लेने के लिए दुकान जाती है। जहां आरोपी भी दिखाई देता है। वह बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले जाता है। बच्ची के साथ दुष्कर्म करता है। इसके बाद उसके मुंह और हाथ पैर को बांधकर बोरे में भरकर झाडिय़ों के बीच खंडहर में फेंक आता है।
बोरे में भरकर मासूम को खंडहर में फेंका
दोपहर बाद जब बच्ची घर नहीं लौटती तो परिजन परेशान हो जाते है। उसकी तलाश में जुट जाते हैं। इसी बीच तलाश में जुटे दो युवकों को खंडहर के पास एक बोरा हिलता डुलता दिखाई देता है। जब वह पास में पहुंचते हैं तो उसमें बच्ची रहती है। जिसके मुंह पर तकिया कवर बंधा होता है। युवक तुरंत सूचना बच्ची के परिजनों को देते हैं। जिसके बाद पुलिस एक्टिव होती है।
मेडिकल रिपोर्ट में हुई दुष्कर्म की पुष्टि
पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि मासूम के साथ दुष्कर्म हुआ है। मेडिकल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। आरोपी धनेश्वर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बच्ची का उपचार जारी है। गिरफ्तारी के वक्त युवक नशे में था। पुलिस ने बताया कि थाना उतई में दोपहर 2 बजे बच्ची के परिजन ने सूचित किया था कि एक पाँच वर्षीय बच्ची गुम हो गई है। पता नहीं चल रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर संवेदनशीलता से जाँच पड़ताल की और मोहल्ले में खोजने पर एक खंडहर के पास खुले झाडिय़ो में बच्ची अचेत अवस्था में बोरे में बंद मिली। बोरे से पैर बाहर से दिख रहा था। तत्काल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। वर्तमान मे बच्ची स्वस्थ है।
