एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली | बॉलीवुड स्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की रिलीज फिलहाल टाल दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्क्रिप्ट में बदलाव और कास्ट से जुड़ी चुनौतियों के चलते फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाई गई है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिल्म पहले 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी।
प्रशांत तमांग के निधन से झटका
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रशांत तमांग को फिल्म में मुख्य विलेन के रूप में कास्ट किया गया था। उन्होंने कई महत्वपूर्ण सीन भी शूट कर लिए थे, लेकिन जनवरी में उनके अचानक निधन के बाद फिल्म की शूटिंग प्रभावित हो गई। सूत्रों का कहना है कि कुछ अहम एक्शन सीक्वेंस अभी बाकी थे, जिनमें तमांग की भूमिका महत्वपूर्ण थी, जिससे पूरी टीम असमंजस में है।
रीशूट या VFX, क्या होगा फैसला?
मेकर्स ने शुरुआत में सीन रीशूट करने पर विचार किया, लेकिन बड़े एक्शन सीन के कारण यह मुश्किल और महंगा साबित हो सकता है। वैकल्पिक तौर पर टीम AI और VFX के जरिए बचे हुए सीन पूरे करने पर भी विचार कर रही है, हालांकि इसके लिए परिवार की अनुमति जरूरी होगी।
सलमान की डेट्स भी चुनौती
फिल्म की देरी की एक और वजह सलमान खान की उपलब्ध डेट्स और लुक की कंटिन्यूटी बताई जा रही है। शूटिंग शेड्यूल प्रभावित होने से प्रोडक्शन पर दबाव बढ़ गया है।
नाम बदला, कहानी में गहराई
गौरतलब है कि फिल्म का पहले नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था, जिसे बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ रखा गया है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं, जबकि इसे सलमा खान प्रोड्यूस कर रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स नई रिलीज डेट पर जल्द फैसला ले सकते हैं और फिल्म को स्वतंत्रता दिवस के आसपास रिलीज करने की योजना है।
