CG Prime News@दुर्ग. Durg: Narcotics worth ₹1.20 crore destroyed दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 66 प्रकरणों में जब्त करीब 1.20 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया है। न्यायालयीन और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 8 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में यह कार्रवाई संपन्न हुई। जब्त सामग्री में गांजा, हेरोइन, नशीली टेबलेट, कैप्सूल और सीरप शामिल थे।
66 प्रकरणों में जब्त सामग्री का निपटान
दुर्ग जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में दर्ज मादक पदार्थ संबंधी 66 मामलों में जब्त सामग्री के संबंध में आवश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद निर्धारित नियमों के तहत नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का पालन किया गया।
138 किलो से अधिक गांजा और हेरोइन नष्ट
नष्टीकरण की कार्रवाई में 138.196 किलोग्राम गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1,758 नशीली टेबलेट, 2,772 कैप्सूल और 837 नग नशीली दवा के सीरप शामिल रहे। पुलिस ने इन सभी जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई है।

BSP के SMS-03 प्लांट में हुआ नष्टीकरण
दुर्ग पुलिस के अनुसार, गांजा और अन्य मादक पदार्थों का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के SMS-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया। वहीं नशीली दवाओं के सीरप का नष्टीकरण नेवई थाना क्षेत्र के नेवईभाठा में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान दुर्ग के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अशोक अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति, डीसीआरबी शाखा, पर्यावरण विभाग, नगर निगम भिलाई और BSP SMS-03 के अधिकारियों-कर्मचारियों का सहयोग रहा।

