Home » Blog » होली पर राजनांदगांव पुलिस सख्त, आपत्तिजनक मुखौटे जब्त

होली पर राजनांदगांव पुलिस सख्त, आपत्तिजनक मुखौटे जब्त

179 दुकानों की जांच, भ्रामक सामग्री पर कार्रवाई; नियम उल्लंघन करने वालों को कड़ी चेतावनी

by cgprimenews.com
0 comments
होली पर्व से पहले राजनांदगांव बाजार में पुलिस द्वारा मुखौटा दुकानों की जांच

राजनंदगांव. होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में बाजार क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

179 दुकानों की जांच, आपत्तिजनक मुखौटे जब्त

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न बाजारों में उन दुकानों की जांच की, जहां भ्रामक, डर पैदा करने वाले या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले मुखौटे एवं अन्य सामग्री बेची जा रही थी। कुल 179 दुकानों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई दुकानों से आपत्तिजनक मुखौटे जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सामाजिक सौहार्द या जनभावनाओं को प्रभावित करने वाली सामग्री का विक्रय न करें।

यातायात और ध्वनि नियमों पर सख्ती

राजनांदगांव पुलिस ने त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई निर्देश जारी किए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने, बाइक पर ट्रिपल सवारी करने तथा सायलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और वाहन जब्त किए जाएंगे। साथ ही साउंड सिस्टम का उपयोग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार तय ध्वनि सीमा में ही करने के आदेश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।

होलिका दहन और सार्वजनिक सुरक्षा निर्देश

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होलिका दहन सुरक्षित स्थानों पर ही किया जाए और इसे रात 12 बजे तक पूर्ण करना अनिवार्य होगा। सार्वजनिक मार्गों, बिजली खंभों, ट्रांसफार्मर या मुख्य चौराहों पर होलिका दहन करने पर कार्रवाई की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हरे पेड़ों की लकड़ी के बजाय गोबर के कंडों का उपयोग करने की अपील की गई है।

सोशल मीडिया और सार्वजनिक आचरण पर निगरानी

सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेश प्रसारित करने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। जबरन चंदा वसूली, बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजन तथा किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आमजन से पुलिस की अपील

जिला पुलिस ने नागरिकों से प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की है तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा है।

You may also like