राजनांदगांव | होली पर्व को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में यह अभियान शहरभर में सघन रूप से संचालित किया जा रहा है।
शहरभर में चेकिंग अभियान तेज
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं आउटर क्षेत्रों में विशेष चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। यहां ब्रेथ एनालाइज़र मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक अल्कोहल पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां न्यूनतम ₹10,000 या उससे अधिक जुर्माना लगाया जा रहा है।
अब तक 46 चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 46 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सुरक्षित होली मनाने की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घर से निकलते समय अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखें और शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं। शराब के प्रभाव से चालक की निर्णय क्षमता एवं प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। त्योहार के दौरान सुरक्षित परिवहन के विकल्प अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
