Wednesday, February 25, 2026
Home » Blog » 70वां रेल सप्ताह समारोह 2025: उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान

70वां रेल सप्ताह समारोह 2025: उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल में भव्य आयोजन, 33 कर्मचारियों व 27 विभागों को रेल सेवा पुरस्कार

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर में आयोजित 70वां रेल सप्ताह समारोह में कर्मचारियों को सम्मानित करते मंडल रेल प्रबंधक

रायपुर | दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल द्वारा 70वां रेल सप्ताह समारोह (मंडल रेल प्रबंधक स्तर) 2025 का आयोजन उल्लास अधिकारी क्लब, शिवनाथ रेल विहार स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी रायपुर में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद रहे, जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले रेल कर्मचारियों एवं विभागों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल गर्ग ने स्वागत भाषण देते हुए पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।

रेल सेवा की गौरवशाली परंपरा

समारोह में बताया गया कि भारत में पहली रेल सेवा 16 अप्रैल 1853 को मुंबई से ठाणे के बीच प्रारंभ हुई थी। उसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में हर वर्ष भारतीय रेल में रेल सप्ताह समारोह आयोजित कर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है। मुख्य अतिथि दयानंद ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल टीमवर्क का सर्वोत्तम उदाहरण है और इसकी सफलता में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने रायपुर मंडल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया।

33 कर्मचारियों व 27 विभागों को पुरस्कार

रेल सप्ताह समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा 33 कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कार एवं 27 विभागों को दक्षता अवार्ड शील्ड प्रदान की गई। इसके साथ ही स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रेल कर्मचारियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

इन विभागों को मिला दक्षता अवार्ड

  • वाणिज्य विभाग: दुर्ग (मेजर) एवं भानुप्रतापपुर (माइनर) रेलवे स्टेशन,  परिचालन विभाग: दाधापारा स्टेशन यूनिट, प्लानिंग सेल कंट्रोल यूनिट,  इंजीनियरिंग विभाग: भाटापारा पी-वे डिपो, बालोद वर्क्स डिपो,  मेडिकल विभाग: बीएमवाय भिलाई रेलवे हॉस्पिटल, दल्लीराजहरा हेल्थ यूनिट,  संकेत एवं दूरसंचार: भिलाई सिग्नल डिपो, रायपुर टेलीकॉम डिपो,  मैकेनिकल विभाग: एलएसआर इलेक्ट्रिकल सेक्शन, भिलाई कैरिज एवं वेगन डिपो,  इलेक्ट्रिकल विभाग: दुर्ग इलेक्ट्रिकल जनरल डिपो, भाटापारा टीआरडी डिपो,  सुरक्षा व संरक्षा विभाग: रायपुर आरपीएफ पोस्ट, पीपीयार्ड व टीआरएस शेड भिलाई,  कार्मिक विभाग: कॉन्फिडेंशियल सेक्शन एवं रेलवे इंस्टिट्यूट भिलाई,  गति शक्ति यूनिट: सुपेला गेट आरयूबी-442 परियोजना,  स्टोर विभाग: जनरल सेक्शन, सीनियर डीएमएम ऑफिस रायपुर

विशिष्ट उपस्थिति

समारोह में अध्यक्षा सेक्रो शिखा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सहायक कार्मिक अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

You may also like