Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » जमीन विवाद में हत्या का फरार आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

जमीन विवाद में हत्या का फरार आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

ग्राम बांधा हत्याकांड में मुख्य फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा, पहले ही 6 आरोपी व एक अपचारी बालक हो चुके थे गिरफ्तार

by cgprimenews.com
0 comments
बांधा हत्याकांड के फरार आरोपी को गिरफ्तार करती लालपुर पुलिस टीम

मुंगेली. थाना लालपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर हुए हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने आरोपी को बिलासपुर से पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार 09 जनवरी 2026 को ग्राम बांधा में जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने एक राय होकर रामकुमार कश्यप पर लाठी-डंडा एवं हथियारों से हमला किया। गंभीर मारपीट के बाद आरोपियों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी। घटना के दौरान मृतक के परिजन लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पहले 6 आरोपी गिरफ्तार, फरार की तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल सम्प्रेषण गृह भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी सूचना से बिलासपुर में दबिश

सायबर सेल एवं लालपुर पुलिस की संयुक्त टीम को तकनीकी एवं मुखबिर सूचना मिली कि फरार आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर बिलासपुर के एकतानगर क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जप्त किया गया।

न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर (23 वर्ष), निवासी ग्राम बांधा, थाना लालपुर, जिला मुंगेली को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

You may also like