जांजगीर-चांपा। जिले के थाना बिर्रा पुलिस एवं साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को वाहन सहित लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
घर में घुसकर की गई थी चोरी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया कृष्णो साहू, निवासी तालदेवरी ने थाना बिर्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर अलमारी का लॉक तोड़ दिया। चोर सोने का लॉकेट, टाप्स, चांदी की पायल, मोबाइल फोन एवं करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए थे। मामले में कुल नुकसान लगभग 1.19 लाख रुपये आंका गया था।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई। साइबर तकनीक एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार कर्ष, जितेन्द्र साहू एवं विनोद कुमार कर्ष के रूप में हुई है।
लाखों की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के टाप्स, चांदी की पायजेब, सोने के आभूषण, रियलमी मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को कार जप्त की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6.25 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर टीम एवं थाना बिर्रा स्टाफ के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
