भिलाईनगर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने शिवाजी नगर एवं खुर्सीपार क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इंडोर स्टेडियम, रिक्त भूखण्ड, आवासीय क्षेत्र और उद्यानों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इंडोर स्टेडियम के कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश
निगम आयुक्त ने जोन-4 स्थित इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण कर निर्माण एवं संधारण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा को प्राक्कलन के अनुसार शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि स्टेडियम तैयार होने से शहर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों के साथ बैडमिंटन खेलकर फिटनेस का संदेश भी दिया और नियमित स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी।
रिक्त भूखण्ड के उपयोग पर बनी योजना
नेशनल हाईवे से लगे रिक्त भूखण्ड का अवलोकन करते हुए आयुक्त ने भविष्य में नागरिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य करने पर चर्चा की। अधिकारियों को क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार योजना तैयार करने कहा गया।
अटल आवास और स्वच्छता व्यवस्था पर जोर
शिवाजी नगर स्थित अटल आवास कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलोनी परिसर एवं आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
पिंक उद्यान में सिंचाई व रखरखाव सुधारने के निर्देश
वार्ड क्रमांक 51 स्थित पिंक उद्यान का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने उद्यान की सिंचाई और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
