Thursday, February 19, 2026
Home » Blog » सीजीपीएससी परीक्षा 2026: परीक्षार्थियों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी

सीजीपीएससी परीक्षा 2026: परीक्षार्थियों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी

जूता-मोजा और स्मार्ट वॉच प्रतिबंधित, अनुशासन नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षा निरस्त या भविष्य में प्रतिबंध

by cgprimenews.com
0 comments
अजय भसीन रायपुर–विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व पर व्यापारियों को जानकारी देते हुए

दुर्ग। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने आगामी परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश और अनुशासन नियमावली जारी की है। परीक्षा में प्रवेश केवल आवंटित प्रवेश-पत्र और पहचान पत्र के साथ संभव है। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और उसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

उत्तर पुस्तिका और प्रश्न-पत्र संबंधी निर्देश

प्रश्न पुस्तिका खोलने से पहले परीक्षार्थी को मुद्रण की त्रुटि जांचनी होगी। उत्तर पुस्तिका/प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका में केवल निर्दिष्ट प्रविष्टियां अंकित करें। किसी भी अतिरिक्त पहचान चिन्ह या सामग्री जोड़ना कदाचार माना जाएगा और परीक्षा निरस्त की जा सकती है।

अनुचित साधनों पर प्रतिबंध

परीक्षा में जूता-मोजा, स्मार्ट वॉच, मोबाइल, डिजिटल गैजेट्स, केलकुलेटर, ग्राफ पेपर, नक्शा, पुस्तक या अन्य अवांछित सामग्री लाना पूर्णतः निषिद्ध है। किसी भी अनुचित साधन के उपयोग पर परीक्षा निरस्त या निष्कासन का प्रावधान है।

परीक्षा कक्ष में अनुशासन और अनुचित व्यवहार

कक्ष में धूम्रपान, नशीले पदार्थ का सेवन, अशिष्ट वार्तालाप, फर्नीचर बदलना या किसी भी प्रकार की क्षति पहुंचाना सख्त वर्जित है। परीक्षा के दौरान केवल वीक्षक और केन्द्राध्यक्ष के निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा।

विशेष सुविधाएं और सहलेखक

दिव्यांग परीक्षार्थियों को मेडिकल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने पर सहलेखक की सुविधा प्रदान की जाएगी। सहलेखक की व्यवस्था हेतु परीक्षार्थी को परीक्षा तिथि के 5 दिन पूर्व जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में संपर्क करना अनिवार्य है।

प्रशासनिक नियंत्रण और केंद्र परिवर्तन

परीक्षार्थी अपने आबंटित परीक्षा केन्द्र पर ही परीक्षा देंगे। आयोग को आवश्यकतानुसार परीक्षा संस्था या केंद्र में परिवर्तन करने का अधिकार सुरक्षित है।

You may also like