Home » Blog » कलेक्ट्रेट अफसर बनकर ₹4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

कलेक्ट्रेट अफसर बनकर ₹4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

नौकरी लगवाने का झांसा देकर सुरक्षा गार्ड पद के नाम पर वसूली, होटल से दबोचा गया

by cgprimenews.com
0 comments
जशपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार आरोपी।

जशपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बनकर नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने दो युवकों से कुल 4 लाख 35 हजार रुपये ठग लिए थे। मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

कलेक्ट्रेट में नौकरी का झांसा

प्रार्थी रोहित खाखा (23 वर्ष), निवासी इचकेला, थाना सिटी कोतवाली जशपुर ने 16 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार आरोपी प्रदीप पंडा (28 वर्ष), निवासी पुसौर, जिला रायगढ़, ने खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताया।

आरोपी ने प्रार्थी की मां को विश्वास में लेकर कहा कि कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की भर्ती हो रही है और 50 हजार रुपये में नौकरी लगवा देगा। झांसे में आकर जनवरी 2026 में 50 हजार रुपये दे दिए गए।

इसके बाद आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये और मांगे। प्रार्थी की मां ने जमीन गिरवी रखकर यह रकम भी दे दी।

दूसरे युवक से भी ठगी

आरोपी ने एक और पद खाली होने की बात कहकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से भी संपर्क कराया। उनसे भी 2 लाख 35 हजार रुपये लिए गए। कुल मिलाकर आरोपी ने 4.35 लाख रुपये की ठगी की।

जब नौकरी और ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिला तो पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

होटल से घेराबंदी कर गिरफ्तारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर के एक होटल से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि ठगी की रकम से उधारी चुकाई और टेबल, कुर्सी, कंप्यूटर आदि खरीदे।

पुलिस ने भट्टी रोड जशपुर स्थित उसके तथाकथित ऑफिस से फर्नीचर व कंप्यूटर जब्त कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

You may also like