पखांजूर. पुलिस ने 25 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीनों आरोपी हत्या, लूट और आगजनी जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार वारंटियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। 15 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने घर आए हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महदू राम उर्फ महादेव (37 वर्ष), शंकर लाल गुमराह (47 वर्ष) और सुकदेव उर्फ सुकचरण टेकाम (46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या व आगजनी के मामलों में थे वांछित
गिरफ्तार आरोपी थाना पखांजूर में दर्ज विभिन्न अपराध क्रमांकों में धारा 436, 307, 34 भादवि सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत वांछित थे। लंबे समय से फरार होने के कारण इनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी था।
तीनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर न्यायिक मजिस्ट्रेट भानुप्रतापपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
