Tuesday, August 18, 2026
Home » Blog » सरगुजा में बोरे में बंद मिली दंपती की लाश, बड़ा बेटा हुआ घर से फरार

सरगुजा में बोरे में बंद मिली दंपती की लाश, बड़ा बेटा हुआ घर से फरार

धौरपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा गांव में वारदात से सनसनी, दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान; पुलिस रिश्तेदारों और जंगलों में कर रही तलाश

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
सरगुजा में बोरे में बंद मिली दंपती की लाश, बड़ा बेटा हुआ घर से फरार

CG Prime News@सरगुजा.Bodies of a couple found in their home in Surguja छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक किसान दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा में पति-पत्नी के शव पुराने घर के एक बंद कमरे में बोरे में बंद मिले। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से उनका बड़ा बेटा जदू यादव फरार है। पुलिस को आशंका है कि हत्या में उसकी भूमिका हो सकती है।

सुबह दूध लेने पहुंचा छोटा बेटा

जानकारी के मुताबिक, हीराधर यादव (55) गांव के बड़े किसान थे। वह अपनी पत्नी गुलाबी यादव (50) और बड़े बेटे जदू यादव (34) के साथ पुराने घर में रहते थे। छोटा बेटा मोहन यादव अपने परिवार के साथ गांव में ही दूसरे मकान में रहता है। बताया गया कि रविवार रात दंपती और उनका बड़ा बेटा पुराने घर में सोए थे। सोमवार सुबह मोहन दूध लेने वहां पहुंचा तो घर के दोनों दरवाजे बाहर से बंद मिले। उसने काम करने वाले सुकृत नागेश के साथ आसपास और खेतों में माता-पिता व भाई की तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला।

ताला तोड़ने पर सामने आया खौफनाक मंजर

घर की तलाशी के दौरान एक कमरे में ताला लगा मिला। मोहन और सुकृत ने ताला तोड़कर कमरा खोला तो अंदर दंपती के शव मिले। शव बोरे में बंद थे। दोनों के सिर पर चोट के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी गई।


बड़े बेटे पर शक, घटना के बाद से फरार

पुलिस की शुरुआती जांच में संदेह की दिशा बड़े बेटे जदू यादव की ओर है। वारदात के बाद से वह लापता है। परिजनों के अनुसार उसकी शादी नहीं हुई है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। वह लंबे समय से माता-पिता के साथ ही रह रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण या आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

रिश्तेदारों और जंगलों में तलाश

धौरपुर SDOP तूल सिंह पट्टावी ने बताया कि पुलिस जदू यादव की तलाश कर रही है। उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां जांच की गई है। आसपास के जंगलों में भी खोज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस हत्या के कारण और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

You may also like