रायपुर। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के सांई मंदिर के पास ऑनलाइन सट्टा संचालित करते एक आरोपी को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी, एटीएम कार्ड और सट्टा-पट्टी का हिसाब-किताब जप्त किया गया है।
मुखबिर सूचना पर संयुक्त कार्रवाई
16 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर रेड की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम जगदीश आसरवानी (36 वर्ष), निवासी तेलीबांधा, रायपुर बताया। मोबाइल जांच में BET4WIN लिंक आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना पाया गया।
जप्त सामग्री और दर्ज अपराध
पुलिस ने आरोपी के पास से 02 मोबाइल फोन, ₹3,350 नगद, 01 एटीएम कार्ड तथा सट्टा हिसाब-किताब संबंधी दस्तावेज जप्त किए। कुल जप्ती लगभग ₹25,000 आंकी गई है।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 68/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
2026 में 15 सटोरिए गिरफ्तार
एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टा के 4 प्रकरणों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹1,92,45,000 की संपत्ति जप्त की है।
