सूचना मिलते ही पुलिस का त्वरित एक्शन
राजनांदगांव। नाबालिग बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक स्टेशनरी दुकान द्वारा नाबालिग बच्चों को नशे के उद्देश्य से व्हाइटनर एवं डायल्यूटर बेचे जाने की सूचना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
छापेमारी में दुकानदार रंगे हाथों पकड़ा गया
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर दबिश दी। मौके पर दुकानदार को नाबालिग बच्चों को व्हाइटनर एवं डायल्यूटर बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
इनहेलेंट एब्यूज से बच्चों का स्वास्थ्य खतरे में
जांच के दौरान यह सामने आया कि व्हाइटनर और डायल्यूटर जैसे रसायनों का उपयोग बच्चे इनहेलेंट एब्यूज के रूप में कर रहे थे। पुलिस के अनुसार यह नशा बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। इससे गंभीर और दीर्घकालिक दुष्प्रभाव उत्पन्न हो सकते हैं, साथ ही यह बच्चों को किशोर अपराधों की ओर भी प्रेरित कर सकता है।
दुकानदार के खिलाफ प्रातिबंधात्मक कार्रवाई
उक्त प्रकरण में प्रेमलाल देवांगन, निवासी तुलसीपुर, संचालक देवांगन जनरल स्टोर के विरुद्ध प्रातिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस की सख्त चेतावनी
जिला पुलिस राजनांदगांव ने आमजन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि नाबालिगों को नशीले अथवा दुरुपयोग योग्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों पर पुलिस की सतत निगरानी जारी रहेगी।
