Home » Blog » जशपुर में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई, लोदाम में 40 क्विंटल धान जब्त

जशपुर में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई, लोदाम में 40 क्विंटल धान जब्त

झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था अवैध धान, पुलिस ने दो पिकअप वाहनों को किया जब्त

by cgprimenews.com
0 comments
जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई करती पुलिस

सरहदी इलाकों में पुलिस की सख्त निगरानी

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान जशपुर पुलिस सरहदी राज्यों से अवैध धान की आमद पर लगातार नजर बनाए हुए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में धान कोचियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।

शंख नदी पुल के पास धरपकड़

इसी क्रम में दिनांक 13 दिसंबर 2025 को रात्रि लगभग 09:00 बजे थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत शंख नदी पुल के पास पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने झारखंड की ओर से आ रहे दो संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से 96 बोरी में कुल 40 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया।

दस्तावेज नहीं होने पर जप्ती

पुलिस पूछताछ में पिकअप चालकों ने अपना नाम साजिद आलम (गुमला) एवं जिसान आलम (रांची) बताया। दोनों झारखंड के सिसई और नागफनी क्षेत्र से धान लाने की बात स्वीकार की, लेकिन धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने दोनों पिकअप वाहन सहित धान को जप्त कर जिला प्रशासन को कार्रवाई हेतु सौंप दिया। जप्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 92 हजार रुपये बताई जा रही है।

अब तक 1451 क्विंटल धान जब्त

जशपुर पुलिस अब तक 05 ट्रक, 17 पिकअप और 01 ट्रैक्टर से कुल 1451 क्विंटल अवैध धान पकड़कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है। पुलिस ने आगे भी यह अभियान जारी रखने की बात कही है।

You may also like