राजनांदगांव | 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के पावन अवसर पर दिग्विजय स्टेडियम, राजनांदगांव में मुख्य ध्वजारोहण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष माननीय डॉ. रमन सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर सलामी ली गई। समारोह में उपस्थित जनसमूह को परेड, स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने भावविभोर कर दिया।
पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के 78 अधिकारी और कर्मचारी उनके उत्कृष्ट, सराहनीय और निष्ठापूर्ण कार्य के लिए माननीय मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किए गए। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजी राव सोमावार (भा.पु.से.), कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण समारोह में उपस्थित रहे।
सायबर और यातायात जागरूकता रथ से दिया संदेश
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सायबर सेल, राजनांदगांव पुलिस ने सायबर जागरूकता रथ के माध्यम से आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और डिजिटल सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। वहीं, यातायात पुलिस ने यातायात जागरूकता रथ से सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश साझा किया।
जिलेभर में उत्साह और हर्षोल्लास
राजनांदगांव जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस का उत्साह और उमंग के साथ आयोजन किया गया। सभी कार्यक्रमों में संविधान के प्रति सम्मान, देश की एकता और अखंडता का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया। पुलिस, प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से यह राष्ट्रीय पर्व गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
