CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में मेडिकल इमरजेंसी का झांसा देकर बैंक खाते में रकम मंगवाकर कैश प्राप्त करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा म्यूल अकाउंट के रूप में खातों का उपयोग कर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। आरोपियों द्वारा बैंक खातों में रकम मंगवाकर च्वाईस सेंटर संचालकों से नगद राशि प्राप्त करने की योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी की गई। रकम खाते में आने के दो दिन बाद साइबर शिकायत के कारण पीडि़त का बैंक खाता होल्ड होने से धोखाधड़ी का मामला सामने आया।
यह है पूरा मामला
पीडि़त चंदन साहू, निवासी शिवपुरी जामुल, च्वाईस सेंटर का संचालन करता है। दिनांक 10.03.2026 को एक युवती द्वारा मेडिकल इमरजेंसी की आवश्यकता बताकर अपने परिचित से पीडि़त के बैंक खाते में रकम भिजवाने तथा उसके बदले नगद राशि प्राप्त करने की बात कही गई। पीडि़त द्वारा विश्वास में लेकर नगद राशि प्रदान की गई। घटना के दो दिन बाद साइबर ठगी संबंधी शिकायत के कारण बैंक द्वारा प्रार्थी का खाता होल्ड कर दिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पीडि़त के अतिरिक्त अन्य च्वाईस सेंटर संचालकों से भी अलग-अलग रकम नगद प्राप्त की गई थी। मामले में प्राप्त साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर पूछताछ की गई। पूछताछ और विवेचना में बैंक खातों का योजनाबद्ध तरीके से म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग कर रकम प्राप्त करने की जानकारी सामने आई। प्रकरण में आरोपी लोकेश कुमार मालवीय और दिनेश मालवीय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

इस तरह दिया घटना को अंजाम
आरोपियों द्वारा मेडिकल इमरजेंसी जैसी आवश्यकता बताकर च्वाईस सेंटर संचालकों को विश्वास में लिया जाता था। इसके बाद अन्य स्रोत से संबंधित बैंक खाते में रकम भेजवाकर उसके बदले नगद राशि प्राप्त की जाती थी। इस प्रक्रिया में बैंक खाते का उपयोग म्यूल अकाउंट के रूप में किए जाने से बाद में साइबर शिकायत के कारण खाताधारक का बैंक खाता होल्ड हो जाता था।
घटना स्थल
च्वाईस सेंटर, जामुल क्षेत्र एवं अन्य संबंधित च्वाईस सेंटर, जिला-दुर्ग।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. लोकेश कुमार मालवीय, उम्र 43 वर्ष, निवासी बसंत बिहार कॉलोनी, महावीर नगर, थाना राजेन्द्र नगर, जिला रायपुर।
2. दिनेश मालवीय, उम्र 56 वर्ष, निवासी न्यू सब्जी मंडी, अहिवारा, थाना नंदिनी, जिला दुर्ग।
