CG Prime News@धमतरी. TI Slaps Trader in the Middle of the Market in Dhamtari छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नाके पर गाड़ी नहीं रोकने पर बाजार में टीआई ने एक व्यापारी को थप्पड़ जड़ दिया। मामला बोराई थाना क्षेत्र का है। TI ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि थाने ले जाकर मारूंगा। जिसका वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थप्पड़ मारने से मुकरा TI
वायरल वीडियो में टीआई पहले व्यापारी को थप्पड़ मारते और गाली देते दिख रहे हैं। कुछ देर बाद वह आसपास के लोगों से भी बहस करते नजर आए। यह भी कह रहे हैं कि, उसने व्यापारी को थप्पड़ नहीं मारा है। हालांकि, मौके पर मौजूद लोग थप्पड़ मारने की बात कह रहे हैं।
यह है पूरा मामला
दरअसल, पीड़ित व्यापारी शब्बीर मेमन ने बताया कि, वह हर हफ्ते की तरह शुक्रवार को बोराई के साप्ताहिक बाजार में मुर्गा खरीदने और बेचने आ रहा था। बोराई नाके पर गाड़ी रोकी जा रही थी, लेकिन बाजार पहुंचने में देरी होने के कारण वह गाड़ी नहीं रोक पाया। इसके बाद टीआई ने उसे बीच बाजार में रोका, गाली-गलौज कर धमकी दी और बहस के दौरान थप्पड़ मार दिया। शब्बीर मेमन ने यह भी आरोप लगाया कि, नाके पर एंट्री फीस के नाम पर गाड़ियां रोकी जाती हैं।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में एडिशनल एएसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि, ओडिशा की तरफ से आ रही पिकअप को बोराई नाका के पास रोका गया था, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। जिसके बाद टीआई के साथ बहस हुई और यह घटना घटी। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए अधिकारियों के निर्देश पर चेकिंग की जाती है। इसलिए सभी गाड़ियों को रोककर चेक किया जाता है। इसलिए उसे भी रुकवाया गया होगा। हालांकि, अभी तक व्यापारी की तरफ से थाने में इसकी शिकायत नहीं की गई है।
