CG Prime News@बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा (Chief Justice Ramesh Sinha, ) की तस्वीर श्मशान में रखकर जाूद टोना करने के आरोप में बिलासपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि घटना सामने आने के बाद 3 आरोपी फरार हो गए थे। जिन्हें महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी को ग्रामीणों ने श्मशाम घाट में ही पकड़ लिया था।
फोटो रखकर कर रहा था तांत्रिक क्रिया
बता दें कि एक युवक चीफ जस्टिस सहित दो अन्य की फोटो रखकर तांत्रिक क्रिया कर रहा था। आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिए उससे संपर्क किया था। आरोपियों के खिलाफ तोरवा थाने में धमकी देने और टोनही प्रताडऩा का केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि तंत्र साधना चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के लिए नहीं बल्कि चाकूबाजी केस में पीडि़त परिवार को डराने के लिए की गई थी।

सीजी के चीफ जस्टिस की श्मशान में फोटो रखकर जादू-टोना, तीन आरोपी गिरफ्तार

परिवार को डराने के लिए कराई थी क्रिया
आरोप है कि चाकूबाजी केस में जेल में बंद भाई की जमानत में खर्च हुए 1 लाख रुपए पीडि़त परिवार से मांगे गए। पैसे नहीं देने पर तांत्रिक क्रिया के जरिए परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। तांत्रिक ने कहा कि इस तंत्र साधना से आरोपी को जमानत भी मिल जाएगी।
इंस्टाग्राम के जरिए ऋषिकेश कुमार से संपर्क किया
पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिए ऋषिकेश कुमार से संपर्क किया था। पुलिस के मुताबिक देवरी श्मशानघाट में पहले पकड़ा गया ऋषिकेश ही कथित तौर पर मुख्य तांत्रिक था। उसी के संपर्क में आने के बाद आरोपियों ने श्मशान घाट में गतिविधि की। पूर्व में तांत्रिक क्रिया की बात सामने आने पर पुलिस ने मौके से ऋषिकेश कुमार को पकड़ लिया था, बाकियों की तलाश की जा रही थी। फरार आरोपियों के नागपुर से पकड़े जाने के बाद यह खुलासा हुआ कि ऋषिकेश ने ही तांत्रिक क्रिया के लिए पूरा सेटअप तैयार किया था।

पुलिस ने उसे भी अन्य आरोपियों के साथ आरोपी बनाया है। अब पुलिस आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों और तंत्र साधना से जुड़ी पूरी गतिविधि की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, दयालबंद के रहने वाले ओम बोले (23) प्रियांशु बोले का भाई है। प्रियांशु बोले चाकूबाजी के एक केस में जेल में बंद है। उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। आरोप है कि ओम बोले अपने साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए प्रियांशु की कोर्ट से जमानत में खर्च हुए 1 लाख रुपए की मांग की।
परिवार से पैसे नहीं मिलने पर ओम बोले अपने 3 साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। उसके साथ तोरवा निवासी तरुण बजाज (27), सफेद खदान निवासी मोहम्मद इसरार (22) और जगमल चौक निवासी ऋषिकेश कुमार (28) भी थे।
उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि तुम्हारी वजह से जमानत में काफी पैसा खर्च हो गया है। अब पैसे दो, नहीं तो तांत्रिक क्रिया करवाकर उसकी जमानत करा लेंगे। साथ ही तुम्हें भी खत्म कर देंगे। साथ ही केस वापस लेने के लिए भी दबाव बनाया।
