Home » Blog » नॉर्थ जोन में विशेष चेकिंग अभियान, दो शराब कोचिए गिरफ्तार

नॉर्थ जोन में विशेष चेकिंग अभियान, दो शराब कोचिए गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद सुरक्षा कसावट को लेकर पैदल पेट्रोलिंग

by cgprimenews.com
0 comments
नॉर्थ जोन में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की पैदल पेट्रोलिंग

रायपुर। जिले में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नॉर्थ जोन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार यह अभियान थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, खम्हारडीह एवं पण्डरी थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान

दिनांक 28 जनवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा, सुश्री मानसी नानाभाउ साकोरे (प्रशिक्षु भा.पु.से.) तथा संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा पैदल पेट्रोलिंग की गई।

संवेदनशील इलाकों में की गई सघन चेकिंग

अभियान के दौरान थाना क्षेत्रों में स्थित शराब भट्ठी, मुर्रा भट्ठी, मच्छी तालाब, गोगांव एवं सतनामी पारा जैसे संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों, गुण्डा बदमाशों एवं आपराधिक तत्वों की सघन चेकिंग व तस्दीक की गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की।

उरला और खमतराई में अवैध शराब जब्ती

कार्यवाही के दौरान थाना उरला क्षेत्र में 34 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी सोनू शाह, पिता तुलसी शाह, उम्र 21 वर्ष, निवासी बाजार चौक उरला को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना उरला में अप.क्र. 27/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

वहीं थाना खमतराई क्षेत्र में दोपहिया वाहन से 92 पौवा देशी शराब का अवैध परिवहन करते हुए आरोपी राहुल निषाद, पिता दिलीप निषाद, उम्र 20 वर्ष, निवासी थाना बेरला जिला बेमेतरा को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना खमतराई में अप.क्र. 57/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नॉर्थ जोन में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

You may also like