Home » Blog » भिलाई में सात नंबर रोड बना हादसों का गढ़, जर्जर सड़क और अंधेरे से खतरा

भिलाई में सात नंबर रोड बना हादसों का गढ़, जर्जर सड़क और अंधेरे से खतरा

जेपी सीमेंट से प्लांट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइट और बैरिकेडिंग का अभाव, केनाल गेट के पास ट्रक पलटा

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई के सात नंबर रोड पर खराब सड़क और अंधेरे के कारण रात में दुर्घटना का दृश्य।

भिलाई। औद्योगिक नगरी भिलाई में जेपी सीमेंट के सामने से प्लांट की ओर जाने वाला सात नंबर रोड इन दिनों गंभीर बदहाली का शिकार है। सड़क की जर्जर हालत, गड्ढे और अधूरे निर्माण के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हालात यह हैं कि न पर्याप्त स्ट्रीट लाइट है और न ही किसी प्रकार की बैरिकेडिंग, जिससे खासकर रात के समय वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। (Number 7 Road in Bhilai has become a hub of accidents, dilapidated road and darkness pose a threat.)

केनाल गेट के पास पलटा ट्रक

ताजा मामला केनाल गेट के पास का है, जहां देर रात लोड लेने जा रही एक खाली ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक को चोटें आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रहती, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।

यह भी पढ़ेः मोहल्लों में दिखेगा महिला शक्ति का पहरा, नशेड़ी और मनचलों पर कसेगी नकेल

सुरक्षा इंतजाम नदारद

स्थानीय निवासियों और नियमित यात्रियों के अनुसार, सात नंबर रोड पर जगह-जगह गड्ढे हैं, किनारों पर सुरक्षा संकेतक नहीं लगे हैं और निर्माण सामग्री खुले में पड़ी रहती है। अंधेरे में वाहन चालकों को सड़क का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे फिसलन और पलटने की घटनाएं बढ़ रही हैं।

ट्रक-ट्रेलर संगठन की चेतावनी

ट्रक-ट्रेलर संगठन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सड़क की मरम्मत और व्यवस्थित निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खराब सड़क के कारण कई चालक घायल हो चुके हैं और प्रतिदिन हादसे का खतरा बना रहता है।

प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क को सुरक्षित बनाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक स्थापित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक करता है।

You may also like