Monday, August 31, 2026
Home » Blog » मोहल्लों में दिखेगा महिला शक्ति का पहरा, नशेड़ी और मनचलों पर कसेगी नकेल

मोहल्लों में दिखेगा महिला शक्ति का पहरा, नशेड़ी और मनचलों पर कसेगी नकेल

भिलाई में महिला आरक्षक दल के हाथों में बैच-सीटी-डंडा, डीआईजी विजय अग्रवाल ने किया औपचारिक शुभारंभ

by cgprimenews.com
0 comments
महिला आरक्षक दल को खुर्सीपार में प्रशिक्षण देते पुलिस अधिकारी

भिलाई। मोहल्लों की सुरक्षा अब केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं रहेगी, बल्कि उसमें महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी भी होगी। सामुदायिक पुलिसिंग को नई धार देते हुए पुलिस प्रशासन ने महिला आरक्षक दल को मैदान में उतार दिया है। अब ये महिलाएं पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मोहल्लों में गश्त करेंगी और नशेडिय़ों, मनचलों व असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखेंगी। शनिवार को खुर्सीपार में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान डीआईजी विजय अग्रवाल ने महिला आरक्षक दल को बैच, सीटी और पुलिस डंडा सौंपकर इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

महिला आरक्षक दल को खुर्सीपार में प्रशिक्षण देते पुलिस अधिकारी

खुर्सीपार में महिला आरक्षक दल को बैच, सीटी और पुलिस डंडा सौंपते डीआईजी विजय अग्रवाल

सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगी मजबूती

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी विजय अग्रवाल ने कहा कि यह पहल समाज में बढ़ती नशाखोरी, छेड़छाड़ और अन्य सामाजिक बुराइयों पर सामूहिक रूप से अंकुश लगाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। महिला आरक्षक दल पुलिस और आम नागरिकों के बीच सेतु का कार्य करेगा, जिससे आपसी विश्वास मजबूत होगा।


हर थाना क्षेत्र में बनेगा महिला आरक्षक दल

डीआईजी ने बताया कि जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में महिला आरक्षक दल का गठन किया जाएगा। हर वार्ड में 30 से 35 महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से अपराधियों और नशेडिय़ों पर स्वत: ही मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।

यह भी पढ़ेः मोबाइल बैंकिंग धोखाधड़ी: 2 आरोपी गिरफ्तार

धमधा और अंडा के बाद खुर्सीपार में शुरुआत

इससे पहले धमधा और अंडा क्षेत्र में महिला आरक्षक दल के गठन के सकारात्मक परिणाम सामने आ चुके हैं। कसबा में महिलाएं सिटी बजाते हुए नजर आती है। अब शहरी क्षेत्र खुर्सीपार से इसकी औपचारिक शुरुआत की गई है। आने वाले समय में पूरे जिले में यह मॉडल लागू किया जाएगा।

सीपीआर और कानून की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को कानून से जुड़ी बुनियादी जानकारियां दी गईं। साथ ही आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षा के लिए सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसे डमी पुतले पर अभ्यास कर सिखाया गया। कई महिलाओं ने विशेषज्ञों के सामने करके दिखाया।

300 महिलाएं हुईं शामिल

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि इस अभियान में करीब 300 महिलाओं को शामिल कर महिला कमांडो दल का गठन किया गया है। कार्यक्रम में प्रशांत सिंह, डीएसपी चित्रा वर्मा, थाना खुर्सीपार के आनंद शुक्ला, थाना छावनी के मनीष शर्मा, पार्षद विनोद सिंह सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may also like