Sunday, November 8, 2026
Home » Blog » Breaking: BSP में लोहा चोरी, रायपुर पावर एंड स्टील कंपनी का मालिक और डायरेक्टर गिरफ्तार

Breaking: BSP में लोहा चोरी, रायपुर पावर एंड स्टील कंपनी का मालिक और डायरेक्टर गिरफ्तार

चोरी का स्क्रैप खरीदकर रसमड़ा की कंपनी में खपाने का आरोप, मामले में अब तक 21 आरोपी गिरफ्तार

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@भिलाई. भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए चोरी का माल खरीदने के आरोप में रायपुर पावर एंड स्टील कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रसमड़ा स्थित कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

अकलोरडीह के गोदाम में डंप किया जाता था स्क्रैप

पुलिस की जांच के अनुसार, BSP से चोरी किए गए लौह स्क्रैप को ट्रांसपोर्टर आरोपी संजय सिंह के माध्यम से ग्राम अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स के गोदाम में पहुंचाया जाता था। इसके बाद वहां से चोरी का स्क्रैप रसमड़ा स्थित रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड कंपनी तक ले जाकर खपाने की बात सामने आई है।

कंपनी परिसर में गाड़ी पहुंचने का वीडियो मिला

जांच के दौरान पुलिस को चोरी के स्क्रैप की खरीद-बिक्री और उसके परिवहन से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी के स्क्रैप से भरी गाड़ी के कंपनी परिसर में पहुंचने और वहां माल अनलोड किए जाने तक का वीडियो भी जांच में सामने आया है। उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य जांच तथ्यों के आधार पर कंपनी के दोनों पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया।


अब तक 21 आरोपियों पर कार्रवाई

बीएसपी से बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप चोरी कर उसे गोदाम के जरिए निजी कंपनी तक पहुंचाने के मामले में पुलिस अब तक कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस चोरी के पूरे नेटवर्क और स्क्रैप की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में 60 वर्षीय विनोद कुमार गर्ग, निवासी वालफोर्ट सिटी, भाठागांव, रायपुर, तथा 39 वर्षीय संदीप कुमार, निवासी एसबीआई कॉलोनी, जुनवानी रोड, स्मृति नगर, दुर्ग शामिल हैं। विनोद गर्ग रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा में मैनेजिंग डायरेक्टर और संदीप कुमार डायरेक्टर बताए गए हैं।पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

You may also like