रायगढ़. “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चक्रधरनगर, भूपदेवपुर, जूटमिल और छाल थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई कर कुल 93 लीटर महुआ शराब और 59 पाव देशी/अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
चक्रधरनगर में 6 आरोपी गिरफ्तार
थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम बंगुरसिया और गोवर्धनपुर में लगातार पांच कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 59 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। इसके अलावा एक बाइक से देशी शराब परिवहन करते दो आरोपियों को भी पकड़ा गया।
भूपदेवपुर में भट्ठी ध्वस्त, 2 गिरफ्तार
भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम रसियामुड़ा और दर्रामुडा में कार्रवाई कर अवैध शराब भट्ठी को तोड़ा और बड़ी मात्रा में महुआ पास नष्ट किया। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से महुआ और अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
जूटमिल और छाल पुलिस की कार्रवाई
जूटमिल पुलिस ने मोटरसाइकिल से शराब परिवहन कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। वहीं छाल थाना क्षेत्र में एक महिला आरोपी को अवैध शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 8 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
कानूनी कार्रवाई जारी
सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों पर लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।
