Thursday, April 2, 2026
Home » Blog » ऑपरेशन नार्कोस: हावड़ा–मुंबई मेल से 60.750 किलो गांजा बरामद

ऑपरेशन नार्कोस: हावड़ा–मुंबई मेल से 60.750 किलो गांजा बरामद

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

by cgprimenews.com
0 comments
हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस में ऑपरेशन नार्कोस के तहत जब्त किया गया गांजा और कार्रवाई करती रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल की टीम।

आरपीएफ का सघन जांच अभियान

नागपुर मंडल | रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार रेल गाड़ियों एवं रेल परिक्षेत्र में मादक पदार्थों, शराब एवं तंबाकू उत्पादों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत निरंतर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की रेलवे सुरक्षा बल टीम को बड़ी सफलता मिली है।

हावड़ा–मुंबई मेल में मिली सफलता

दिनांक 22 जनवरी 2026 को अपराध गुप्तचर शाखा (सीआईबी), रेलवे सुरक्षा बल नागपुर को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर गाड़ी संख्या 12810 हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस में खात से नागपुर के मध्य सघन जांच की गई। जांच के दौरान कोच संख्या A-1 में बर्थ संख्या 01 एवं 06 के नीचे रखे गए चार पिट्ठू बैग एवं दो ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में पाए गए।

60.750 किलोग्राम गांजा बरामद

संदिग्ध बैगों की जांच करने पर उनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ के दौरान दो व्यक्तियों ने उक्त बैगों को अपना बताया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चंदेश्वर पासवान (41 वर्ष) एवं बिक्की कुमार (19 वर्ष), दोनों निवासी जिला रोहतास, बिहार बताया तथा गांजा का अवैध परिवहन करना स्वीकार किया। बरामद गांजे का कुल वजन 60.750 किलोग्राम तथा अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 30 लाख 37 हजार 500 रुपये आंका गया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए बरामद मादक पदार्थ सहित दोनों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी इतवारी को सुपुर्द किया गया। इस संबंध में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 20(b)(ii) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दिनांक 23 जनवरी 2026 को प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

यात्रियों से अपील

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि रेल गाड़ियों, स्टेशनों एवं स्टेशन परिसरों में यदि कोई लावारिस अथवा संदिग्ध बैग या सामान दिखाई दे तो तत्काल रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे कर्मचारी, टीटीई अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

You may also like