CG Prime News@दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में संगठन को मजबूत करने के साथ महिला नेतृत्व और डिजिटल रणनीति पर भी विशेष जोर दिया गया है। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिवों को जिम्मेदारी दी गई है। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव और वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी
भाजपा की डिजिटल रणनीति में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी के आईटी सेल से जुड़े अमित मालवीय को पद से हटाकर उनकी जगह दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। दीपक म्हस्के लंबे समय से भाजपा की डिजिटल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और 2014 से छत्तीसगढ़ भाजपा के IT सेल का नेतृत्व कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति को पार्टी की सोशल मीडिया और डिजिटल रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई टीम में 12 महिलाओं को मिली जिम्मेदारी
नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 12 महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षा बेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी, कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।

इसके अलावा रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। महिलाओं में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश से तीन नेताओं का है, जबकि महाराष्ट्र से दो महिलाओं को जगह मिली है। अन्य राज्यों से एक-एक महिला को जिम्मेदारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ को भी मिला अहम स्थान
भाजपा की नई टीम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व भी मजबूत हुआ है। सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी की नई टीम में युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चों में भी बदलाव किए गए हैं। भाजपा की नई संगठनात्मक टीम से आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति को गति मिलने की उम्मीद है।

