CG Prime News@दिल्ली. घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए ई-KYC कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 16 अगस्त तक पूरी करनी थी। समय सीमा बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं की परेशानी कम नहीं हुई है। ऑयल कंपनियों के सर्वर में तकनीकी समस्या और मोबाइल ऐप के ठीक से काम नहीं करने के कारण कई लोग अपना ई-KYC वेरिफिकेशन पूरा नहीं करा पा रहे हैं।
गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें
ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कत आने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। काउंटर्स पर काम प्रभावित होने से कई जगह लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि उनका ई-KYC सफल हुआ है या नहीं।
e-KYC नहीं कराया तो क्या होगा?
निर्धारित समय सीमा तक ई-KYC पूरी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू या रियायती दर पर LPG सिलेंडर मिलने में अस्थायी परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में ई-KYC पूरा होने तक सिलेंडर कमर्शियल दर पर खरीदना पड़ सकता है, जो घरेलू सिलेंडर की कीमत से अधिक होती है। हालांकि, ई-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन तत्काल रद्द नहीं किया जाएगा।

मोबाइल ऐप से ऐसे करें e-KYC
उपभोक्ता जिस कंपनी का LPG कनेक्शन इस्तेमाल कर रहे हैं, उसका आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इंडेन, HP गैस और भारत गैस के आधिकारिक ऐप में उपलब्ध e-KYC विकल्प के जरिए वेरिफिकेशन किया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऐप में e-KYC का स्टेटस जरूर जांचें।
Face Authentication फेल हो तो अपनाएं ये तरीका
फेस ऑथेंटिकेशन फेल होने पर दोबारा प्रक्रिया करने की कोशिश करें। मोबाइल कैमरे के सामने पर्याप्त रोशनी रखें और फोन को स्थिर रखें। फेस स्कैन पूरा होने के बाद ऐप में ‘e-KYC Success’ स्टेटस जरूर देखें। केवल फेस स्कैन हो जाने को e-KYC पूरा होना न मानें। स्टेटस अपडेट नहीं होने पर गैस एजेंसी से उपभोक्ता रिकॉर्ड में e-KYC की पुष्टि कराएं।

ऑफलाइन भी करा सकते हैं e-KYC
मोबाइल ऐप से परेशानी होने पर उपभोक्ता नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं। इसके अलावा सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी कर्मचारी के पास उपलब्ध आधिकारिक डिवाइस के जरिए भी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराया जा सकता है।
