CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को उस समय नया सियासी समीकरण सामने आया, जब भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। रायपुर में आयोजित तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
मुंगेली से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा
कांग्रेस में शामिल होने के बाद ढाल दास ने कहा कि जनता भी भाजपा (BJP) के कामकाज को देख रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस उन्हें अवसर देती है तो वह मुंगेली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी उन्हें जिस क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए चुनेगी, वह वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। ढाल दास के मुताबिक कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लेने से पहले उन्होंने अपने पिता गुरु बालदास और भाई मंत्री खुशवंत साहेब से बातचीत की थी। उन्होंने दावा किया कि दोनों को अपने फैसले के बारे में बताया था और उनकी सहमति भी मिली थी।

छत्तीसगढ़ में मंत्री के भाई ने थामा विपक्ष का हाथ, किया कांग्रेस ज्वाइन

परिवार में एक भाजपा में मंत्री, दूसरा कांग्रेस में
ढाल दास के कांग्रेस में आने के बाद प्रदेश की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसकी बड़ी वजह उनका राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवार है। एक तरफ उनके छोटे भाई खुशवंत साहेब भाजपा सरकार में मंत्री हैं, वहीं अब ढाल दास कांग्रेस के साथ राजनीतिक पारी शुरू करने जा रहे हैं। सतनामी समाज में गुरु बालदास के परिवार का सामाजिक और धार्मिक प्रभाव माना जाता है। परिवार की गिरौधपुरी और भंडारपुरी धाम से जुड़े आयोजनों में भी सक्रिय भूमिका रही है।
गुरु बालदास के चार बेटे
गुरु बालदास साहेब का परिवार बाबा गुरु घासीदास की वंश परंपरा से जुड़ा बताया जाता है। उनके चार बेटे हैं—ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास। इनमें ढाल दास सबसे बड़े बेटे हैं। परिवार की सतनामी समाज में धार्मिक और सामाजिक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

भाई के कांग्रेस प्रवेश पर मंत्री खुशवंत का पलटवार
ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने पर मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि भाई होने के नाते दोनों के पारिवारिक रिश्ते पहले की तरह बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि सुख-दुख और तीज-त्योहार में परिवार एक-दूसरे के साथ खड़ा रहता है और आगे भी ऐसा ही रहेगा। मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति समाज और परिवार को बांटने की रही है। उन्होंने कहा कि एक धर्म को दूसरे धर्म, एक समाज को दूसरे समाज और एक परिवार को दूसरे परिवार से लड़ाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।
