रायपुर।पश्चिम रायपुर क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गोगो फोल्डिंग पेपर एवं नशे में प्रयुक्त सामग्रियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। कमिश्नर पुलिस के निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में दिनांक 30 जनवरी 2026 को थाना डी.डी. नगर क्षेत्र में पान ठेला दुकानों की सघन जांच की गई।
पान ठेलों पर एक साथ की गई चेकिंग
पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान डी.डी. नगर क्षेत्र में स्थित पान ठेला दुकानों की गहन तलाशी ली गई। चेकिंग के दौरान नशे में उपयोग होने वाली सामग्रियों की बिक्री और भंडारण पर विशेष ध्यान दिया गया।
दो दुकानदारों से गोगो फोल्डिंग पेपर बरामद
जांच के दौरान दो दुकानदारों के कब्जे से लगभग दो बोरियां गोगो फोल्डिंग पेपर, चिलम तथा चिलम में उपयोग किए जाने वाले कपड़े बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर ही दोनों दुकानदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार गोगो फोल्डिंग पेपर और चिलम जैसी सामग्रियों का उपयोग नशे के लिए किया जाता है, जिससे युवाओं में नशे की लत बढ़ने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा इस प्रकार की सामग्री के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोगो फोल्डिंग पेपर, चिलम एवं अन्य नशे में प्रयुक्त सहयोगी सामग्रियों की बिक्री और भंडारण के विरुद्ध आगे भी निरंतर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
