Sunday, June 21, 2026
Home » Blog » दुर्ग में 18 सौ रुपए के लिए मजदूर की हत्या, नाबालिग गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

दुर्ग में 18 सौ रुपए के लिए मजदूर की हत्या, नाबालिग गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

चबूतरे पर शराब के नशे में नोट गिन रहा था मृतक

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के जेवरा चौकी क्षेत्र के ग्राम करहीडीह में मजदूर की सिर कुचलकर हत्या करने वाले एक नाबालिग अपचारी बालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हत्या का दूसरा आरोपी फरार है। चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे ने बताया कि करहीडीह में शनिवार देर रात मजदूर नारायण निषाद की बोल्डर से सिर पर मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पाया कि महज 1800 रुपए छीनने के लिए यह हत्या की गई। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

चबूतरे पर शराब के नशे में नोट गिन रहा था मृतक

जेवरा चौकी पुलिस ने बताया कि मृतक मजदूर दुर्गा मंच के पास करहीडीह में शनिवार देर रात शराब के नशे में नोट गिन रहा था। तभी अपचारी बालक और उसके एक दोस्त की नजर नारायण पर पड़ गई। दोनों ने मृतक से रुपए छीनने की कोशिश की। इस दौरान पास पड़े बोल्डर से नारायण के सिर पर हमला कर दिया। उसका सिर कुचलकर हत्या कर दी। पैसे लेकर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे। मृतक की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना पर चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तब जाकर नाबालिग आरोपी पकड़ाया है।

परिवारिक विवाद के चलते जेवरा में रहकर मजदूरी करता था

चौकी प्रभारी खगेंन्द्र ने बताया कि मृतक नारायण निषाद (40 वर्ष) मूल रूप से बेरला का रहने वाला था और पारिवारिक विवाद के चलते करहीडीह में रहकर मजदूरी कर रहा था। उसकी पत्नी अपने मायके में रहती थी।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदेही

पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला। चार संदेहियों को हिरासत में लिया था। उनसे पूछताछ की गई। पता चला कि रात करीब 11 बजे नारायण अपने तीन चार साथियों के साथ शराब पर्टी कर रहा था। उसी दौरान विवाद हुआ था।

 


You may also like