रायपुर |पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देशानुसार शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन चेकिंग, निगरानी एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान DCP (WEST) संदीप पटेल के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें ADCP राहुल देव शर्मा, ACP ईशु अग्रवाल एवं ACP देवांश सिंह राठौर सहित कुल 9 थाना प्रभारियों ने अपने-अपने बल के साथ प्रभावी कार्रवाई की।
वाल्मीकि नगर में सघन चेकिंग
अभियान के अंतर्गत थाना कबीर नगर क्षेत्रांतर्गत वाल्मीकि नगर इलाके में सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की गहन जांच की गई। क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
मोहबा बाजार चौक पर मोबाइल चेक प्वाइंट
सुरक्षा की दृष्टि से मोहबा बाजार चौक पर MCP (मोबाइल चेक प्वाइंट) स्थापित किया गया, जहां आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। वाहन दस्तावेजों, संदिग्ध सामान एवं व्यक्तियों की बारीकी से पड़ताल की गई ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
टिकरापारा क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त
थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत संजय नगर एवं संतोषी नगर में विशेष कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं अड्डेबाजों के विरुद्ध सख्त चेकिंग की गई। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से संवाद, सुरक्षा निर्देश
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना है।
लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग एवं कॉम्बिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
