CG Prime News@दिल्ली. UP Deputy CM’s helicopter makes emergency landing उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की शनिवार को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान भरने के तीस मिनट बाद ही हेलिकॉप्टर का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया था और केबिन में धुआं भरने लगा था। जिसके बाद पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी को सूचना दी। इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी। विमान तब तक 50 किमी दूर बछरावां तक पहुंच गया था। अनुमति मिलते ही पायलट ने वापस लखनऊ एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया।
हेलिकॉप्टर में भर गया था धुआं
मिली जानकारी के अनुसार डिप्टी सीएम मौर्य ने शनिवार सुबह 10.45 बजे लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरी थी। लखनऊ एयरपोर्ट पर सुबह 11.15 बजे हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग करवाई। लैंडिंग तक हेलिकॉप्टर में काफी धुआं भर गया था। हेलिकॉप्टर से केशव समेत 6 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी रवाना हुए केशव
केशव मौर्य अब दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी रवाना हो गए। वहां केशव मौर्य, दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। केशव मौर्य जिस हेलिकॉप्टर से सफर कर रहे थे, वह यूपी सरकार का है। इसकी जिम्मेदारी नागरिक उड्डयन विभाग के पास है। ईशान प्रताप सिंह इस विभाग के निदेशक हैं। वह सीएम के विशेष सचिव भी हैं। केशव के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 3 बार उनके हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ चुकी है।
योगी का हेलिकॉप्टर कानपुर में डगमगा गया
अप्रैल 2025 में सीएम योगी का हेलिकॉप्टर कानपुर में डगमगा गया था। हवा में हेलिकॉप्टर ने अचानक डायरेक्शन बदल दी थी। पायलट ने हालात को भांपते हुए तुरंत हेलिकॉप्टर की लैंडिंग कराई थी। फिर से टेकऑफ किया था। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ग्राउंड में हेलीपैड से करीब 4-35 बजे योगी हेलिकॉप्टर में सवार हुए। पायलट ने लखनऊ के लिए उड़ान भरी। इसके लिए 90 डिग्री में हेलिकॉप्टर घुमाया। लेकिन वो इससे ज्यादा घूम गया। जमीन से करीब 15-20 फीट ऊंचाई पर हेलिकॉप्टर डगमगाने लगा था।
