CG Prime News@भिलाई. भिलाई स्टील प्लांट (Bhilai steel plant) के टाउनशिप एरिया में बीएसपी (BSP) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बुधवार सुबह से सेक्टर 6 सी मार्केट के पास पानी की एक बड़ी पाइप लाइन फूट गई है। जिससे लगातार पानी सड़क पर बह रहा है। सुबह से शाम होने को आ गई, लेकिन अब तक बीएसपी की कोई भी मेंटनेंस टीम इस लीकेज को सुधारने के लिए नहीं पहुंची है। भीषण गर्मी में अब तक हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया है। वहीं लगातार पानी के बहाव से सड़क भी धंसने लगी है। लोग भी पानी की इस बर्बादी को देखकर आहें भरकर निकलने मजबूर हैं।
गंदे पानी से टाउनशिप में फैला था पीलिया
अप्रैल के महीने में गर्मी पूरे चरम पर है। प्रदेश में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई इलाकों में जलाशय और नलकूप सूखने के कारण लोग पानी की बूंद-बंूद को तरस रहे हैं। इधर भिलाई के बीएसपी टाउनशिप में कई जगहों पर ऐसे लीकेज पाइप से हर दिन हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो जाता है। इन लीकेज की सुध लेने वाला कोई नहीं है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले टाउनशिप एरिया में गंदे पानी की सप्लाई के कारण पीलिया भी फैल गया था।
पेड़ से तोता उतारने फायर ब्रिगेड पहुंची
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया। उसे नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी की तेज बौछारें कीं। इस दौरान हजारों लीटर पानी बहा दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो OBC बॉयज हॉस्टल के पास का बताया जा रहा है। तोता किसका है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शंस आ रहे हैं। कोई इसे किसी अधिकारी का तोता बता रहा है, तो कोई फायर ब्रिगेड के इस्तेमाल पर सवाल उठा रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की बर्बादी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
सोशल मीडिया यूजर्स ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो वायरल होने के बाद सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का इस्तेमाल आगजनी, दुर्घटनाओं और जनसेवा के लिए होना चाहिए, न कि इस तरह के कामों के लिए।
