CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में संरक्षित वन्य जीव कोबरा सांप के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ भट्टी थाना और वनमंडल दुर्ग में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कोबरा सांप को हाथ में लेकर उसके साथ प्रदर्शन कर रहा है। मामले में पुलिस और वन विभाग से जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
व्हाट्सएप स्टेटस पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, दुर्ग जिले के भट्टी थाना क्षेत्र निवासी देवरत कर उर्फ बिट्टू द्वारा अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर कोबरा सांप के साथ बनाए गए वीडियो प्रसारित किया है। वायरल वीडियो में वह कोबरा को हाथ में पकड़े और मुंह के करीब लाकर लोगों के सामने प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है।
इस मामले को लेकर 5 नवंबर 2026 को ल. ध्रुवेय ने भट्टी थाना और वनमंडल दुर्ग में लिखित आवेदन दिया। शिकायतकर्ता ने वीडियो और स्क्रीनशॉट को भी साक्ष्य के रूप में आवेदन के साथ संलग्न किया है।

वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता का कहना है कि कोबरा एक संरक्षित वन्य जीव है। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत संरक्षित वन्य जीवों को अवैध रूप से पकड़ना, अपने कब्जे में रखना या उनके साथ खिलवाड़ करना दंडनीय हो सकता है। इस तरह के प्रदर्शन से सांप की जान को खतरा होने के साथ आम लोगों के बीच भी गलत संदेश जाता है।
पुलिस और वन विभाग से निष्पक्ष जांच की अपील
शिकायत में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 और 51 के साथ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 और 125 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस और वन विभाग से वीडियो की सत्यता की जांच करने, संबंधित व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि करने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है।
फिलहाल यह मामला शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित विभागों की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
