रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान “संवाद से समाधान” के अंतर्गत सेंट्रल जोन पुलिस ने तेलीबांधा क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी से नशा-मुक्त एवं सुरक्षित मोहल्ला अभियान की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में नशे पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
यह सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, एसीपी सिविल लाइंस रमाकांत साहू तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा अविनाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
नशे, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को कमिश्नरेट पुलिस व्यवस्था की विशेषताओं, नशे के दुष्परिणामों, मोटर व्हीकल नियमों के पालन, साइबर फ्रॉड से बचाव, किरायेदार सत्यापन की अनिवार्यता तथा अपराध की समय पर सूचना देने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे समाज को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इसके विरुद्ध सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
स्थानीय समस्याओं पर खुलकर हुई चर्चा
संवाद सत्र में स्थानीय नागरिकों ने कॉलोनी से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं। कॉलोनी किनारे टूटी दीवार तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता प्रमुख मुद्दे रहे। पुलिस अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
कार्यक्रम में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। लोगों ने नशा-मुक्त, सुरक्षित और शांत वातावरण बनाने के लिए पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी शहर के अन्य क्षेत्रों में निरंतर चलाया जाएगा।
