Home » Blog » दुर्ग जनदर्शन में फौती नामांतरण, उपस्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत की शिकायत 

दुर्ग जनदर्शन में फौती नामांतरण, उपस्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत की शिकायत 

पाटन के किसान ने मृतक बहन की जमीन का फौती नामांतरण कराने की लगाई गुहार, चंगोरी में जर्जर स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत की मांग

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर अपर कलेक्टर  थॉमस ने लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। जनदर्शन में कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फौती नामांतरण नहीं होने से प्रभावित हो रहा धान विक्रय

पाटन तहसील के ग्राम औंधी निवासी एक कृषक ने अपनी मृतक बहन के नाम दर्ज भूमि का फौती नामांतरण वैध वारिसों के नाम कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। किसान के मुताबिक फौती नामांतरण के लिए नायब तहसीलदार पाटन के समक्ष आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि ग्राम औंधी की भूमि ईस्ट-वेस्ट डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना के कारण प्रतिबंधित क्षेत्र में आती है। नामांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से वारिसों का एग्रीस्टैक पंजीयन और सेवा सहकारी समिति के माध्यम से धान विक्रय प्रभावित हो रहा है। किसान ने संबंधित अनुमति प्रदान कर फौती नामांतरण का आदेश जारी कराने की मांग की। अपर कलेक्टर ने मामले में संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


चंगोरी उपस्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत की मांग

ग्राम पंचायत चंगोरी के सरपंच ने भी जनदर्शन में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन की मरम्मत कराने के लिए आवेदन दिया। बताया गया कि भवन जर्जर स्थिति में है और छत का प्लास्टर लगातार गिरने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल स्वास्थ्य केंद्र का संचालन दूसरे स्थान से किया जा रहा है।

सरपंच ने भवन की जल्द मरम्मत कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से मिल सकें। अपर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन

जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

You may also like