Home » Blog » मलपुरी स्कूल में रक्षा टीम का बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

मलपुरी स्कूल में रक्षा टीम का बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा और ऑनलाइन सेफ्टी के प्रति किया गया जागरूक

by cgprimenews.com
0 comments
मलपुरी प्राथमिक शाला में रक्षा टीम द्वारा बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देते पुलिसकर्मी

बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सराहनीय पहल

राजनांदगांव | पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिला राजनांदगांव के ग्राम मलपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में रक्षा टीम द्वारा बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित व्यवहार, आत्मरक्षा एवं डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के लिए जागरूक करना रहा।

गुड टच और बेड टच की दी गई सरल जानकारी

दिनांक 29 जनवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के छात्र–छात्राओं को उप निरीक्षक शारदा बंजारे, महिला आरक्षक रीनू मेश्राम, कौशिल्या साहू, आरक्षक अमित जाटवर एवं वाहन चालक आरक्षक शेषनारायण सिंहा द्वारा गुड टच एवं बेड टच के बारे में सरल, सहज और बालोपयोगी भाषा में समझाया गया। बच्चों को बताया गया कि किन परिस्थितियों में सतर्क रहना जरूरी है और असहज महसूस होने पर तुरंत सही कदम कैसे उठाना चाहिए।

पॉक्सो बॉक्स के उपयोग की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विद्यालय में लगे पॉक्सो बॉक्स के महत्व और उपयोग के बारे में भी बताया गया। रक्षा टीम ने बच्चों को भरोसेमंद व्यक्ति जैसे माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को अपनी समस्या बताने के लिए प्रोत्साहित किया तथा साहसपूर्वक अपनी बात रखने का संदेश दिया।

डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जोर

रक्षा टीम द्वारा बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए।

शिक्षकों को अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के शिक्षक–शिक्षिकाओं को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराकर इसके उपयोग एवं महत्व के बारे में बताया गया, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की सूचना समय पर दी जा सके।

50 से अधिक छात्र रहे उपस्थित

इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक स्टाफ सहित लगभग 50 से अधिक छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाना और एक सुरक्षित व सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।

You may also like