रायपुर. नो-पार्किंग के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान यातायात पुलिस से विवाद करने वाले तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना रिंग रोड नंबर-4 टाटीबंध बायपास की है, जहां पुलिस नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर ई-चालान कार्रवाई कर रही थी।
चालान के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की
जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे यातायात थाना टाटीबंध की टीम नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक का ई-चालान बनाया जा रहा था। पास में एक्टिवा पर बैठे तीन व्यक्ति पुलिस से बहस करने लगे और “रोज चालान करते हो” कहते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि तीनों नशे में थे और उन्होंने ई-चालान डिवाइस व मोबाइल छीनने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों को धक्का दिया।
पुलिस ने तुरंत लिया एक्शन
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद आमानाका थाना पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की।
बीएनएस की कई धाराओं में मामला दर्ज
थाना आमानाका में संदीप सिंह, हरदीप सिंह और प्रिंसपाल सिंह के खिलाफ धारा 296, 132, 221, 121(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शहर में जारी है अभियान
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों और रिंग रोड पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
