Home » Blog » वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली, महिला समेत 2 कर्मचारी घायल

वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली, महिला समेत 2 कर्मचारी घायल

मुंबई जा रहे यात्री ने पहले ही लाइसेंसी पिस्टल की दी थी जानकारी, चेकिंग के दौरान हुआ फायर

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News @दिल्ली. वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। घटना में एयरपोर्ट की एक महिला कर्मचारी समेत दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को तत्काल न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे। यात्री ने विमान में ले जाने वाली अपनी लाइसेंसी पिस्टल के बारे में पहले ही जानकारी दे दी थी। मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत हथियार की जांच के दौरान अचानक एक राउंड फायर हो गया।

गोली महिला कर्मचारी की जांघ में लगी

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, गोली पहले फर्श से टकराई और इसके बाद वहां मौजूद महिला कर्मचारी सुमन की जांघ में जा लगी। वहीं गोली के छर्रे लगने से रोहित राज के हाथ में चोट आई। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।


एयरपोर्ट अथॉरिटी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान कमलेश राय के पास से लाइसेंसी पिस्टल और 21 कारतूस बरामद किए गए। करीब पांच घंटे तक पूछताछ के बाद फूलपुर पुलिस उन्हें थाने ले गई।

यात्री ने बताई गोली चलने की अलग वजह

सुरक्षा जांच में तैनात कर्मचारी रोहित के मुताबिक, हथियार की एक्स-रे जांच के दौरान यात्री ने पिस्टल निकाली थी। उनका दावा है कि पिस्टल में गोली लोड थी और जांच के दौरान ट्रिगर दबने से फायर हो गया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रिगर जानबूझकर दबाया गया या गलती से।

पुलिस पूछताछ में कमलेश ने बताया कि पिस्टल के चैंबर में गोली फंसी हुई थी और उन्हें लगा था कि उसमें गोली नहीं है। ट्रिगर दबाते ही फायर हो गया।

हाई अलर्ट के बीच एयरपोर्ट पर हड़कंप

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वाराणसी एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाई अलर्ट जोन में रखा गया है। ऐसे समय में हथियार से फायर होने की घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस अधिकारियों और इंटेलिजेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

डीसीपी गोमती नीतू कादयान ने बताया कि लाइसेंसी पिस्टल का ऑल इंडिया परमिट है। बोर्डिंग से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार की जांच की जा रही थी, इसी दौरान दुर्घटनावश फायर हुआ और दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी घायल हुए।

पूर्व पार्षद रह चुके हैं कमलेश राय

कमलेश राय मूल रूप से आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र के रामगढ़ गांव के रहने वाले बताए गए हैं। वे मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं और आजमगढ़ में बाबू शिवपत्तर राय स्मारक महाविद्यालय का संचालन करते हैं। उनके बेटे रितेश राय वर्तमान में पार्षद बताए गए हैं।

कमलेश के पास पिस्टल और राइफल समेत तीन लाइसेंस होने की जानकारी सामने आई है। उनके खिलाफ मुंबई में अगस्त 2025 में रंगदारी का मामला दर्ज होने की बात भी पुलिस रिकॉर्ड के हवाले से सामने आई है। पुलिस अब हथियार, लाइसेंस और एयरपोर्ट पर हुई फायरिंग की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।

You may also like