भिलाईनगर। नगर पालिक निगम में स्वीकृत पदसंरचना एवं विभागीय भर्ती नियमों के अनुरूप पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति तथा समयमान वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं नियमानुसार संचालित की जा रही है, जिससे कर्मचारियों को उनके सेवा काल के अनुरूप लाभ मिल सके।
समयमान वेतनमान की प्रक्रिया जारी
निगम प्रशासन ने बताया कि जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा अवधि 10, 20 एवं 30 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उन्हें समयमान वेतनमान का लाभ दिए जाने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। इसके अंतर्गत विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक पांच वर्षों के गोपनीय प्रतिवेदनों की जांच, संबंधित कर्मचारियों से अभिलेख पूर्ण कराना तथा विभागीय जांच की स्थिति स्पष्ट करने के बाद लाभ प्रदान किया जा रहा है।
विकलांग कर्मचारियों को आरक्षण के तहत पदोन्नति
स्वीकृत पदसंरचना के अंतर्गत विकलांग कर्मचारियों के लिए निर्धारित आरक्षण के अनुसार उपलब्ध पदों पर पात्र विकलांग कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया जाएगा। निगम द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी वर्गों को समान अवसर प्राप्त हों।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को मिला लाभ
संयुक्त वरिष्ठता सूची के आधार पर वर्ष 2008 से अब तक लगभग 50 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, दिनांक 09 जनवरी 2026 को आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक की अनुशंसा के अनुसार एक कर्मचारी को सहायक ग्रेड-3 तथा दो कर्मचारियों को सहायक राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। भविष्य में रिक्त होने वाले पदों पर भी पदोन्नति की प्रक्रिया जारी रहेगी।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान
नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक निगम मद में उपलब्ध राशि के आधार पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के देय स्वत्वों का भुगतान किया जा रहा है। शासन के पत्र दिनांक 03 अप्रैल 2025 के अनुसार निगम के सेवानिवृत्त एवं मृतक अधिकारियों-कर्मचारियों के उपादान भुगतान हेतु 1085.36 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इसके अंतर्गत वर्ष 2018 से 2024 तक कुल 209 सेवानिवृत्त एवं मृतक कर्मचारियों को उपादान राशि का भुगतान किया जा चुका है।
